गहलोत ने किया मुख्यमंत्री कार्यालय की वेबसाइट का शुभारंभ
'मुख्यमंत्री को लिखिए' लिंक के तहत आमजन को ऑन लाइन शिकायत दर्ज कराने, आयोजन के लिए निमंत्राण, मुलाकात के लिए प्रार्थना एवं सुझाव प्रेषित करने की सुविधा सुलभ होगी। इन चारों विकल्पों में से किसी एक का चयन करके कोई भी व्यक्ति अपनी राय दर्ज करा सकता है। इसके लिए उसे अपना नाम, ई-मेल, दूरभाष, पता, विषय आदि का उल्लेख करना होगा। इस लिंक पर अटैचमेंट के रूप में दस्तावेज भेजने की भी सुविधा दी गई है।
वेबसाइट पर मुख्यमंत्री का परिचय, राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्यों का सम्पूर्ण विवरण, मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्यरत कार्मिकों के सम्पर्क सूत्र, सरकार की उपलब्धियां, अवसर विशेष पर मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम दिए जाने वाले संदेश, 'प्रेस विज्ञप्ति', मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए सम्पर्क सूत्र के साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री आदि अनुभाग बनाए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री सहायता कोष की वेबसाइट का महत्वपूर्ण लिंक भी इस पर उपलब्ध है।
वेबसाइट पर अलग-अलग अनुभाग में मुख्यमंत्री से संबंधित समारोह एवं कार्यक्रमों के विजुअल एवं ऑडियो स्पीच क्लिपिंग उपलब्ध कराए गए हैं। फोटो दीर्घा के अनुभाग में मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के बहुरंगीय छायाचित्र भी कार्यक्रम स्थान एवं तिथि सहित दिए गए हैं।
इस वेबसाइट को जयपुर की डॉट्स स्क्वेयर के द्वारा राजकॉम्प के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय ने तैयार करवाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के कम्प्यूटर प्रकोष्ठ के प्रभारी राजेश सैनी इसके नोडल अधिकारी होंगे।
वेबसाइट पर सचिवालय निर्देशिका, राज्यपाल राजस्थान सरकार के पोर्टल, सरकारी विभागों की वेबसाइट, भारत सरकार की निर्देशिका के अलावा राजस्थान के बजट आदि के महत्वपूर्ण लिंक भी उपलब्ध कराए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications