पाक रक्षा मंत्री को देश से बाहर जाने से रोका गया
इस्लामाबाद, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री चौधरी अहमद मुख्तार को गुरुवार को उस समय इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर रोक लिया गया जब वह वह चीन की एक आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने वाले थे।
समाचार चैनल जियो टीवी ने खबर दी है कि मुख्तार अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ रवाना होने वाले ही थे कि उन्हें संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) की ओर से रोक दिया गया।
बीते बुधवार को पाक सर्वोच्च न्यायालय ने 'नेशनल रिकंसिलिएशन ऑर्डिनेंस' (एनआरओ) को अवैध करार दिया था। इसी की वजह से मुख्तार का नाम भी 'एक्जिट कंट्रोल लिस्ट' में आ गया था और उन्हें देश छोड़ने की इजाजत नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि विवादास्पद अध्यादेश एनआरओ को पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की ओर से वर्ष 2007 में लाया गया था। इसके तहत नेताओं और सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले के खत्म हो गए थे।
इसी अध्यादेश के आने के बाद ही राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी एवं उनकी दिवंगत पत्नी व पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की स्वदेश वापसी हो सकी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications