तेलंगाना के विरोध में तेदेपा नेताओं ने शुरू की 'बस यात्रा'
पृथक तेलंगाना की मांग के विरोध में पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंप चुके तेदेपा विधायकों ने रायलसीमा क्षेत्र के चित्तूर जिले के तिरुपति से अपनी यात्रा शुरू कर दी है।
वरिष्ठ नेता वाई. रामकृष्णुडु के नेतृत्व में तेदेपा नेताओं ने तिरुपति से श्रीकाकुलम के लिए 11 दिवसीय यात्रा शुरू कर दी है। यह 'बस यात्रा' 13 जिलों से होकर गुजरेगी, जिनमें रायलसीमा के चार और तटीय आंध्र के नौ जिले शामिल हैं।
पूर्व मंत्री रामकृष्णुडु ने पत्रकारों से कहा, "हम आंध्र प्रदेश के विभाजन को कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे और एकीकृत आंध्र के आंदोलन को मजबूत करने के लिए हमने यह कार्यक्रम शुरू किया है।"
दोनों क्षेत्रों के करीब एक दर्जन विधानसभा और विधान परिषद सदस्य और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता बस में यात्रा करेंगे।
पृथक तेलंगाना के विरोध का आंदोलन शुरू करने के लिए करीब 45 तेदेपा विधायकों ने पहले ही अपने इस्तीफे दे दिए हैं।
इसी मुद्दे पर अलग-अलग जिलों में करीब एक दर्जन विधायक भूख हड़ताल पर हैं।
शुरुआत में पृथक तेलंगाना की मांग को विधानसभा में समर्थन देने की बात कह चुके तेदेपा प्रमुख नायडू अब दुविधा की स्थिति में हैं क्योंकि उन्हीं की पार्टी के कुछ नेताओं ने नायडू को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने इस मांग का समर्थन किया तो वे पार्टी छोड़कर एक अलग क्षेत्रीय दल बना लेंगे।
तेदेपा नेता व तेलंगाना से विधायक ई. दयाकर राव ने शुक्रवार को वारंगल में पत्रकारों से कहा कि नायडू 'बस यात्रा' में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications