'एकीकृत आंध्र प्रदेश' को लेकर प्रदर्शन जारी
तटीय आंध्र और रायलसीमा के सभी जिलों में शुक्रवार को बंद और प्रदर्शन की वजह से आम जनजीवन प्रभावित रहा। इन इलाकों में सभी शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की भी खबरें आई। विशाखापट्टनम, पूर्वी गोदावरी और पश्चिमी गोदावरी जिलों में भी बंद का आह्वान किया गया।
कृष्णा जिले के विजयवाड़ा शहर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। यहां तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायक डी. उमामहेश्वर राव का आमरण अनशन छठे दिन भी जारी है। उनके साथ तेदेपा के दो और नेता अनशन पर हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
दूसरी ओर कांग्रेस सांसद एल. राजगोपाल और उनके समर्थक भी अनशन कर रहे हैं। विजयवाड़ा में प्रदर्शनकारियों ने फेडरल बैंक की शाखा, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के कार्यालय और एक कॉलेज पर हमला कर दिया।
कड़प्पा जिले में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी के भाई वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी का अनशन शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी है। अनंतपुर जिले में तेदेपा विधायक पारिताला सुनीता भी पांच दिनों से अनशन पर बैठी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications