मोनिका लेविंस्की ने कहा 'झूठे हैं क्लिंटन'
वाशिंगटन, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ रिश्तों की वजह से एक वक्त सुर्खियों में रहीं मोनिका लेविंस्की का मानना है कि क्लिंटन ने उनके साथ संबंधों को लेकर सार्वजनिक रूप से झूठ बोला था।
व्हाइट हाउस की इंटर्न रहीं लेविंस्की ने यह बात एक पुस्तक में कही है। लेखक केन गोर्मले की इस पुस्तक 'द डेथ ऑफ अमेरिकन वर्चू' में यह भी दावा किया गया है कि क्लिंटन के सुसान मैकडॉगल नाम की एक अन्य महिला से भी विवाहोत्तर संबंध थे।
इस पुस्तक के लेखक गोर्मले ड्यूक्यूसने विश्वविद्यालय में कानून के प्रोफेसर हैं। उन्होंने अपनी पुस्तक में क्लिंटन के तीन साक्षात्कारों का समावेश किया है। पुस्तक में क्लिंटन ने इस बात का जिक्र किया है कि वे पूरे लेविंस्की प्रकरण के समय खुद को सताया हुआ महसूस कर रहे थे।
क्लिंटन ने कहा कि उनके खिलाफ महाभियोग के समय सदन के प्रमुख रहे हेनरी हाइड 'कुछ ज्यादा ही दक्षिणपंथी' और 'बनावटी' थे। उन्होंने उस दौरान इस मामले की सुनवाई करने वाले न्यायाधीश को भी रिपब्लिकन पार्टी के प्रति झुकाव रखने वाला बताया। उल्लेखनीय है कि क्लिंटन का ताल्लुक डेमोक्रेटिक पार्टी से था।
इस पुस्तक में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली लेविंस्की की ओर से किया गया वह उल्लेख है कि जिसमें उन्होंने इस मामले की सुनवाई के दौरान क्लिंटन के बयान का हवाला देते हुए उनको 'झूठा' ठहराया है। लंबे समय तक क्लिंटन के वकील रहे डेविड केंडल ने इस पर टिप्पणी करने से इंकार किया।
समाचार पत्र 'पोलिटिको' के अनुसार इस साल की शुरुआत में लेविंस्की ने गोर्मले को लिखा, "क्लिंटन के बयान देने के समय सच्चाई बताने के लिए कोई मौका नहीं था क्योंकि उनसे इस बारे में विवरण और कुछ चुनिंदा सवाल ही पूछे गए थे जिसका उन्होंने सच्चाई से जवाब नहीं दिया था।"
उधर, लेखक गोर्मले ने कहा इस बात के पूरे सबूत हैं कि क्लिंटन के रिश्ते मैकडॉगल से भी थे। उल्लेखनीय है कि मैकडॉगल हमेशा इन संबंधों से इंकार करती रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications