जीत गई जिंदगी!
यह घटना मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में कालापीपल थाने क्षेत्र के नादिनी गांव की है। यहीं अंकित मंगलवार को अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ एक धार्मिक स्थल पर पूजा के लिए आया था। परिजन पूजा में व्यस्त हो गए और अंकित खेलते-खेलते निकट के खेत में स्थित बोरवेल में जा गिरा।
बच्चे के बोरवेल में गिरने की सूचना कालापीपल थाने को दी गई और इसके बाद बचाव कार्य आरंभ हुआ। अंकित लगभग 20 फुट की गहराई पर फंस गया था और उसके रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। जेसीबी मशीन के जरिए बोरवेल के समानांतर 11 फुट गहरा गड्ढा खोदा गया और गहराई बढ़ाने के लिए पोकलैंड मशीन बुलाई गई मगर बीच में पत्थर आ जाने से कोशिशें बेकार होने लगीं। दूसरी ओर बच्चे की जिंदगी को खतरा न हो इसके लिए नली के सहारे गडढे में ऑक्सीजन पहुंचाई जाती रही। बच्चे के रोने की आवाज ने बचाव दल और परिजनों का साहस बनाए रखा।
शाजापुर के पुलिस अधीक्षक डी. पी. सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि खुदाई का काम रोकने के बाद बच्चे को गड्ढे के ऊपरी हिस्से से ही निकालने के प्रयास शुरू हुए और रात लगभग एक बजे अंकित को सकुशल निकाल लिया गया।
यहां के उप मंडलीय अधिकारी (एसडीएम) एस. एम. शुक्ला ने बताया कि बच्चे को निकालने के अभियान के दौरान ही चिकित्सकों के दल को मौके पर बुलाया गया था। अंकित के गड्ढे से निकलते ही उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उसे कालापीपल अस्पताल और फिर शुजालपुर अस्पताल ले जाया गया। वह पूरी तरह स्वस्थ है और इस समय अस्पताल में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications