तेलंगाना मसले पर पीछे नहीं हटेंगी सोनिया : कांग्रेस सांसद
तेलंगाना क्षेत्र के मल्काजगिरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद सर्वे सत्यनारायणा ने कहा, "उनके शब्दकोष में किसी अगर-मगर के लिए जगह नहीं है। वह अपने वायदे से पीछे नहीं हटेंगी। वह पहले ही वायदा कर चुकी हैं। उन्होंने हमारे साथ इंसाफ किया है।"
इस बीच तटीय आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की जबकि तेलंगाना के कांग्रेस सांसदों ने कांग्रेस महासचिव एम. वीरप्पा मोइली और मुखर्जी से मुलाकात की।
मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने प्रधानमंत्री और मुखर्जी से मुलाकात से पहले आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैं एकीकृत आंध्र प्रदेश के पक्ष में हूं।"
तटीय आंध्र और रायलसीमा के सांसदों ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री और मुखर्जी से केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के पिछले हफ्ते के इस विवादास्पद बयान पर स्पष्टीकरण देने को कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य का गठन किया जाएगा।
आंध्र के एक सांसद ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "हमने उनसे अनुरोध किया है कि क्षेत्र की जनता को शांत करने के लिए हमें दिशा निर्देश दें। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सरकार की ओर से कुछ आश्वासन दिया जाना चाहिए।"
उसी समय तेलंगाना क्षेत्र के सांसदों ने मुखर्जी से कहा, "आपने हमें बहुत अच्छा तोहफा दिया है। अब इसे वापस न लीजिए।"
इस बीच दोनों पक्षों ने कहा कि राज्य में पार्टी इस मसले पर विभाजित है लेकिन अन्य सभी मसलों पर एकजुट है।
तेलंगाना क्षेत्र के सांसद एम. जगन्नाथ ने कहा, "हमने जगनमोहन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग तक नहीं की है।" जगनमोहन ने मंगलवार को तेलंगाना के गठन के विरोध में प्रदर्शन कर रहे तेलुगू देशम पार्टी के सदस्यों का पक्ष लेकर मंगलवार को लोकसभा में कांग्रेस के लिए असहज स्थिति उत्पन्न कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications