रूसी महावाणिज्य दूतावास ने सांसद की टिप्पणी पर आपत्ति जताई (लीड-1)
नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने गोवा सरकार को लिखे गए पत्र की सामग्री के बारे में कुछ भी बताने से इंकार किया है। अधिकारी ने कहा कि चूंकि अभी मामले की जांच चल रही है, लिहाजा पत्र की सामग्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।
सूत्रों के अनुसार वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि यदि गोवा सरकार यह मानती है कि चूंकि महिला रात दो बजे अपने होटल से बाहर थी, इसलिए बलात्कार जायज है तो यह राज्य का दौरा करने वाले रूसी लोगों के लिए चेतावनी होगी।
ज्ञात हो कि दो दिसंबर को आधी रात के बाद एक 25 वर्षीय रूसी महिला के साथ गोवा के एक नेता जॉन फर्नाडीज ने कथित रूप से बलात्कार किया था।
गोवा से कांग्रेसी सांसद नाइक मंगलवार को उस समय राज्यसभा में महिला सांसदों का कोपभाजन बने थे, जब उन्होंने कहा था कि यदि कोई महिला अपरिचितों के साथ मध्य रात्रि के बाद बाहर घूम रही हो और ऐसे में उसके साथ बलात्कार होता हो तो ऐसे मामले में अलग तरीके से निपटा जाना चाहिए।
नाइक ने गोवा में कार्यरत एक रूसी महिला के विवादास्पद मामले को तूल देने के लिए मीडिया को दोषी ठहराया है। मीडिया ने दावा किया है कि इस महीने के प्रारंभ में राज्य के एक नेता ने रूसी महिला के साथ रात का खाना खाने के बाद अपनी कार में बलात्कार किया था।
नाइक ने कहा था, "एक ऐसी महिला जो कई दिनों तक अपरिचितों के साथ, वह भी आधी रात के बाद तक घूमती हो, ऐसे में यदि उसके साथ कथित रूप से बलात्कार होता है तो इस तरह की घटना को अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए।" नाइक की इस टिप्पणी से महिला सांसद नाराज हो गईं और उन्होंने उपसभापति के.रहमान खान से हस्तक्षेप करने की मांग की। महिला सांसदों ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने की नाइक को अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications