रूसी वाणिज्य दूतावास ने गोवा के सांसद की टिप्पणी पर आपत्ति जताई
वाणिज्य दूतावास से जब संपर्क किया गया तो उसने गोवा सरकार को लिखे पत्र का विवरण बताने से इंकार कर दिया।
नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने भी पत्र की सामग्री के बारे में कुछ बताने से इंकार कर दिया। अधिकारी ने कहा कि चूंकि अभी मामले की जांच चल रही है, लिहाजा पत्र की सामग्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।
सूत्रों के अनुसार वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि यदि गोवा सरकार यह मानती है कि चूंकि महिला रात दो बजे अपने होटल से बाहर थी, इसलिए बलात्कार जायज है तो यह राज्य का दौरा करने वाले रूसी लोगों के लिए चेतावनी होगी।
ज्ञात हो कि गोवा से कांग्रेस सांसद नाइक मंगलवार को उस समय राज्यसभा में महिला सांसदों के कोप का भाजन बने थे, जब उन्होंने कहा था कि यदि कोई महिला अपरिचितों के साथ मध्य रात्रि के बाद बाहर घूम रही हो और ऐसे में उसके साथ बलात्कार होता हो तो ऐसे मामले के साथ अलग तरीके से निपटा जाना चाहिए।
नाइक ने गोवा में कार्यरत एक रूसी महिला के विवादास्पद मामले को तूल देने के लिए मीडिया को दोषी ठहराया है। मीडिया ने दावा किया है कि इस महीने के प्रारंभ में राज्य के एक नेता ने रूसी महिला के साथ रात का खाना खाने के बाद अपनी कार में बलात्कार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications