बिहार के गांवों में उपलब्ध होगी इंटरनेट सुविधा
भारत संचार निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (आईटी) देवी प्रसाद मिश्र ने बुधवार को बताया, "जिन क्षेत्रों में लैंड लाइन की सुविधा नहीं होगी वहां भी बीएसएनएल वायरलेस ब्रॉडबैंड द्वारा इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराएगा।"
केंद्र सरकार की वायरलेस ब्रॉडबैंड (वाई-मैक्स) सशक्तिकरण योजना के तहत कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की स्थापना कर राज्य की 6,500 ग्राम पंचायतों में इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
देवी प्रसाद मिश्र ने बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत वाई-मैक्स के 124 टॉवर लगाए जाएंगे वहीं दूसरे चरण में 512 टॉवर लगाने की योजना है। एक टॉवर की क्षमता लगभग 15 किलोमीटर तक होती है जो राज्य में आमतौर पर 11 ग्राम पंचायतों को जोड़ेगा।
एक अन्य अधिकारी के मुताबिक प्रत्येक ग्राम पंचायत और प्रखंड स्तर पर एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोला जाएगा जहां लोगों को टेलीफोन, इंटरनेट आदि की सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन सेंटरों पर रेल टिकटों का आरक्षण, भूमि निबंधन, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निबंधन जैसी सेवाएं लोगों को दी जाएंगी। विभाग के मुताबिक ग्रामीण बेरोजगार युवकों को इस कार्य के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इंडो-एशियिन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications