नेपाल फिल्म उद्योग में प्रवेश को तैयार हैं राहुल रॉय
काठमांडू, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता राहुल रॉय अब नेपाल फिल्म उद्योग में प्रवेश के लिए तैयार हैं। 1990 में आई उनकी पहली ही फिल्म 'आशिकी' बेहद सफल रही थी। अब उनकी 'वन स्टॉप शॉप' (ओएसएस) कंपनी एक प्रेम कहानी के साथ नेपाल फिल्म उद्योग में प्रवेश कर रही है।
ओएसएस के कार्यकारी निदेशक व 43 वर्षीय अभिनेता राहुल रॉय अपनी कंपनी के सीईओ सुभाष जेवरिया के साथ काठमांडू आए थे। यहां उन्होंने घोषणा की कि ओएसएस कंपनी एक नेपाली फिल्म बनाएगी, जिसकी केंद्रीय भूमिका में राहुल खुद होंगे।
प्रसिद्ध रियलिटी शो 'बिग बॉस' के विजेता राहुल ने आईएएनएस से कहा, "हमें इस परियोजना के लिए एक नेपाली निर्देशक की तलाश है और हम फिल्म में संगीत देने को उत्साहित नेपाली संगीतकार राजेश पेरियार से बातचीत शुरू करने के लिए तैयार हैं।"
फिल्म की पटकथा अभी लिखी जा रही है, पर राहुल कहते हैं कि यह 'आशिकी' जैसी एक वास्तविक प्रेम कहानी होगी और इसमें दर्शकों के लिए एक संदेश होगा।
फिल्म की शूटिंग मार्च-अप्रैल में शुरू होगी और नेपाली अभिनेत्री ऊषा पोडेल फिल्म की अभिनेत्री होंगी। फिल्म के अन्य कलाकार भी नेपाली होंगे। यह फिल्म हिंदी भाषा में बनाई जाएगी।
राहुल की आने वाली फिल्मों में 'अदा, ए वे ऑफ लाइफ' और 'मेरा बचपन' शामिल हैं। 'अदा.' का निर्देशन तनवीर अहमद ने किया है और ए. आर. रहमान ने इसमें संगीत दिया है। पहले यह फिल्म 18 दिसम्बर को प्रदर्शित होने वाली थी लेकिन अब जनवरी 2010 में प्रदर्शित होगी। 'मेरा बचपन' के निर्देशक राजीव शर्मा हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications