बच्चों के शरीर पर चढ़कर इलाज करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार
इधर, गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को करीब पांच सौ लोगों ने बरारी थाना का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार आरोप है कि कटिहार जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर बरारी थाना क्षेत्र के वेदंता गांव में जमुना यादव उर्फ जामुन बाबा किसी भी बीमार बच्चे को ठीक करने के नाम पर एक मंदिर के सामने खुले मैदान में बच्चे को लिटाकर उसके बदन पर नंगे पांव खड़ा हो जाता था। इस दौरान बच्चा रोता रहता था। पुलिस ने बताया कि इस प्रकार से वह पिछले 25 वर्षो से इलाज करता आ रहा था।
सूत्रों के अनुसार प्रत्येक सोमवार को तांत्रिक के पास दर्जनों महिलाओं की भीड़ इकट्ठी होती थी जो अपने बच्चों का इलाज कराने यहां आती थी। बाबा इसे बुरी आत्माओं का साया बताकर 'जय हो' कहकर इलाज प्रारंभ करता था।
बाबा के समर्थकों का कहना है कि बाबा का इलाज नि:शुल्क और सफल होता था। बाबा के खिलाफ कोई शिकायत भी नहीं है तो फिर उनको गिरफ्तार क्यों किया गया।
उधर, कटिहार के पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस के सामने यह मामला मंगलवार को ही सामने आया था। पुलिस ने तत्काल इस मामले की जांच की और मामला सही पाया गया। इसके बाद तांत्रिक जमुना यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बरारी थाना क्षेत्र में और अतिरिक्त पुलिस बलों को बुला लिया गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उपाधीक्षक ने बताया कि पुलिस तांत्रिक से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications