प्रधानमंत्री गुरुवार को कोपेनहेगन रवाना होंगे
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मनमोहन सिंह शुक्रवार के सत्र में भाषण देने वाले चुनिंदा नेताओं में शामिल होंगे। इस सत्र को डेनमार्क के प्रधानमंत्री लार्स लोएक्के रासमुस्सेन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून भी संबोधित करेंगे।
डेनमार्क के प्रधानमंत्री ने दौरे पर आए राष्ट्राध्यक्षों के लिए शुक्रवार को एक दोपहर भोज का आयोजन किया है। सूत्रों के अनुसार पहले सत्र में आम सहमति नहीं बनने की स्थिति में दूसरे सत्र का आयोजन होने की संभावना है।
जलवायु परिवर्तन पर प्रधानमंत्री के विशेष दूत श्याम सरन और विदेश सचिव निरुपमा राव दौरे में प्रधानमंत्री के साथ होंगे। पर्यावरण राज्य मंत्री जयराम रमेश डेनिश राजधानी में ही उनसे मिलेंगे।
यद्यपि कोई द्विपक्षीय बैठक तय नहीं है लेकिन प्रधानमंत्री के उत्सर्जन कटौती, प्रौद्योगिकी और वित्त जैसे समान और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ से मिलने की संभावना है। वह अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ भी मुलाकात कर सकते हैं।
भारत ने पहले ही वर्ष 2020 तक उत्सर्जन में 20 से 25 प्रतिशत की कटौती का वादा करने के साथ ही स्पष्ट कर दिया कि वह ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती के लिए किसी बाध्यकारी संधि को स्वीकार नहीं करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications