चक्रवात के बाद फीजी में छाया अंधेरा, 4,000 बेघर
वेलिंग्टन, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। चक्रवात 'मिक' के बाद फीजी का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा अंधेरे में डूब गया और करीब 4,000 लोग बेघर हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक देश में सोमवार और मंगलवार को आए मौसम के पहले चक्रवात के दौरान 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी वर्षा से यहां भारी तबाही हुई है।
चक्रवात में पांच लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें दो लोगों की मौत बाढ़ में बह जाने से हुई, मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बावजूद मछली पकड़ने जाने वाले दो मछुआरे मारे गए और एक पेड़ के गिरने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई है।
समाचार पत्र 'फीजी टाइम्स' की वेबसाइट के मुताबिक रिजर्व बैंक के गवर्नर सदा रेड्डी ने बुधवार को सब्जियों और अन्य खाद्य पदार्थो के दाम बढ़ने की चेतावनी देते हुए कहा है कि इस चक्रवात से फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं।
रेड्डी का कहना है, "पर्यटन और कृषि-आधारित उद्योगों पर चक्रवात का कुछ प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पूरी अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव को अभी बता पाना मुश्किल है लेकिन इसका कुछ नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications