कांग्रेस सांसद हैदराबाद हवाई अड्डे पर गिरफ्तार (लीड-1)
हैदराबाद, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। राज्य के प्रस्तावित विभाजन के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने जा रहे आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से कांग्रेस सांसद एल. राजगोपाल को सोमवार को हैदराबाद हवाई अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया गया।
शहर के बाहरी इलाके शम्साबाद में स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर समर्थकों के राजगोपाल की गिरफ्तारी का विरोध करने के प्रयास के बाद वहां तनाव पैदा हो गया।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस), छात्र संस्थाओं और तेलंगाना इलाके के कांग्रेस नेताओं ने राजगोपाल के किसी विरोध प्रदर्शन को रोकने की धमकी दी थी। पुलिस राजगोपाल को पहाड़ी शरीफ थाने ले गई। वहां उनके समर्थक गिरफ्तारी के विरोध में धरने पर बैठ गए।
उद्योगपति सांसद के लेंको समूह का काफी अधिक व्यापारिक हित हैदराबाद में है और वह राजधानी को पृथक तेलंगाना राज्य को देने के फैसले के विरोध में हैं।
टीआरएस ने राजगोपाल पर शहर में उपद्रव फैलाने के लिए विजयवाड़ा से भाड़े पर असामाजिक तत्वों को हैदराबाद लाने का आरोप लगाया। इसके बाद शहर में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने रविवार रात शहर के कई होटलों पर छापा मारकर सांसद के कई समर्थकों को गिरफ्तार किया।
पुलिस विजयवाड़ा से आने वाले सभी वाहनों की तलाशी ले रही है। रविवार रात राजगोपाल के करीब एक दर्जन समर्थकों को रोका गया और उन्हें वापस भेज दिया गया।
एकीकृत आंध्र प्रदेश के समर्थकों के सड़कों पर प्रदर्शन को देखते हुए विजयवाड़ा और अन्य स्थानों पर पुलिस सतर्क है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications