अमेरिकी सीनेट ने 10 खरब डॉलर के व्यय बजट को मंजूरी दी
वाशिंगटन, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी सीनेट ने रविवार को 10 खरब डॉलर के व्यय बजट को मंजूरी दी। इससे संघीय एजेंसियों और सामाजिक कार्यक्रमों को सितम्बर 2010 तक बजट उपलब्ध होगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस व्यय बजट को हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स से पहले ही मंजूरी मिल चुकी है और इसमें छह अलग-अलग विधेयक हैं। व्यय बजट 57-35 के बहुमत से पारित हुआ।
डेमोक्रेटिक पार्टी के तीन सदस्यों ने इसके विरोध में और रिपब्लिकन पार्टी के तीन सदस्यों ने पक्ष में वोट दिया। अब इसे राष्ट्रपति बराक ओबामा के हस्ताक्षर के लिए पेश किया जाएगा।
विधेयक में संघीय सरकार की कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा से जुड़ी एजेंसियों के साथ ही वृद्धों, गरीबों को स्वास्थ्य सुविधा तथा सामाजिक सुरक्षा कार्यो का बजट भी शामिल है। इसमें सामाजिक लाभ के कार्यो के संचालन के लिए विभागों और एजेंसियों को दी जाने वाली 447.4 अरब डॉलर की रकम भी शामिल है।
रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों ने व्यय बढ़ाने की आलोचना की। फ्लोरिडा के सीनेटर जार्ज लीमियुक्स ने खर्च में 12 प्रतिशत की वृद्धि पर कहा, "सरकार का खर्चो पर कोई नियंत्रण नहीं है। हम पर 120 खरब डॉलर का कर्ज है। यह कर्ज हमारी पीढ़ियों को चुकाना पड़ेगा।"
दूसरी ओर डेमोक्रेटिक सदस्यों का कहना था कि इस राशि से कोष की कमी का सामना कर रहे कुछ महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को धन उपलब्ध होगा। इलिनॉय के सीनेटर डिक डर्बिन ने कहा, "यह देश की जरूरतों का प्रतिनिधित्व करता है। इससे छात्रों और बुजुर्गो को फायदा मिलेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications