क्यूबा, वेनेजुएला में 3.16 अरब डॉलर का समझौता
हवाना, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। क्यूबा और वेनेजुएला ने आठ संयुक्त उद्यमों के गठन सहित 3.16 अरब डॉलर की 285 नई परियोजनाओं पर हस्ताक्षर करके द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो और वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो चावेज ने क्यूबा की राजधानी हवाना में दोनों देशों की समिति की 10वीं बैठक की समाप्ति पर इसके लिए सहमति जताई।
हवाना में सम्मेलन के वेनेजुएला का करीब-करीब पूरा मंत्रिमंडल उपस्थित था। दोनों देशों ने 2.9 अरब डॉलर मूल्य के 264 सौदों पर हस्ताक्षर किए और बाकी सौदों पर इस वर्ष के अंत से पहले हस्ताक्षर का वादा किया।
नई परियोजनाएं कंप्यूटर और संचार, लोहा और इस्पात निर्माण, परिवहन, खनन, स्वास्थ्य और संस्कृति के क्षेत्र में हैं।
दोनों नेताओं ने नागरिक उड्डयन और हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में संयुक्त उद्यमों के गठन के लिए भी सहमति के मसौदों पर हस्ताक्षर किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications