अलग राज्य की मांग को लेकर पदयात्रा निकालेगा बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा
बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के संयोजक राजा बुंदेला ने लखनऊ में सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि करीब चार करोड़ की आबादी वाले बुंदेलखंड क्षेत्र को लेकर हर दल ने सिर्फ राजनीति की है। चाहे वह उत्तर प्रदेश की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार हो या केंद्र की कांग्रेसनीत सरकार। किसी भी दल ने उसे पृथक राज्य बनाने के लिए कोई गंभीर कदम नहीं उठाया।
बुंदेला ने कहा, " बुंदेलखंड को एक अलग राज्य की दर्जा दिलाने की मांग को लेकर हम सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन की शुरुआत उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से होगी। वहां से हम आगामी 16 दिसंबर को पदयात्रा निकालकर मध्य प्रदेश के खजुराहो तक जाएंगे। जहां यह पदयात्रा 1 जनवरी को समाप्त होगी। यह पूरी पदयात्रा 300 किलोमीटर की होगी।"
उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के पीछे हमारा मकसद दोनों राज्यों में फैले बुंदेलखंड के लोगों की एकजुटता को दिखाना है।
केंद्र सरकार द्वारा बुंदेलखंड के विकास के लिए दिए जा रहे 7,000 करोड़ रूपये के विशेष आर्थिक पैकेज पर बुंदेला ने कहा कि यह कोई स्थायी समाधान नहीं है। बुंदेलखंड का विकास तभी संभव होगा जब वह अलग राज्य बनेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications