मनीष मल्होत्रा ने दुल्हनों के लिए नया वस्त्र संग्रह पेश किया
यहां सोमवार को किमाया स्टोर में अपने नए वस्त्र संग्रह को जारी करने के दौरान मनीष मल्होत्रा ने आईएएनएस से कहा, "इस वस्त्र संग्रह को पेश करने का यह साल का सबसे अच्छा समय है। पहले दुल्हनें अपने विवाह में पारंपरिक परिधान ही पहनती थीं लेकिन अब बाहर होने वाली शादियों को प्रसिद्धि मिलने की अवधारणा के साथ आजकल की दुल्हनें पारंपरिक और समकालीन डिजाइनों के मिश्रण से बनी पोशाकें पसंद कर रही हैं।"
इस वस्त्र संग्रह में समकालीन डिजाइनर चोलियों और दुपट्टे के साथ अनारकली सूट, नेट की साड़ियां और लहंगे शामिल हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर और काजोल के वस्त्र डिजाइन कर चुके मल्होत्रा कहते हैं कि आजकल जो लड़कियां दुल्हन बनने जा रही हैं वह बहुत उलझन की स्थिति में हैं और यह वस्त्र संग्रह उनके लिए मददगार हो सकता है।
मल्होत्रा कहते हैं, "सभी होने वाली दुल्हनों के साथ में एक सामान्य परेशानी यह है कि वे उलझन में रहती हैं। इसलिए किसी भी डिजाइनर के लिए यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि वह उनके साथ बैठकर समझे कि वह क्या चाहती हैं और उन्हें बताए कि उन पर क्या अच्छा लगेगा और इसके बाद उनके लिए परिधान बनाए।"
वह कहते हैं कि आखिरकार हर दुल्हन अपने विवाह के दिन बेहद खूबसूरत और सबसे अलग दिखना चाहती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications