पृथक गोरखालैंड की मांग पर एक साथ आए जसवंत और आडवाणी
दार्जिलिंग से सांसद जसवंत सिंह ने लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मसला उठाते हुए आडवाणी और भाजपा सांसदों से अनुरोध किया कि वे सरकार से किए जा रहे उनके इस अनुरोध का समर्थन करें कि वह गोरखालैंड की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के कार्यकर्ताओं से इसे समाप्त करने की अपील करे।
आडवाणी के साथ अपने तीन दशक तक रहे संबंध को याद करते हुए और भाजपा सांसदों को अपने पुराने सहयोगी संबोधित करते हुए सिंह ने शून्यकाल में कहा, "मैं अपने पुराने सहयोगियों से अपील करता हूं कि वे सरकार से मेरी अपील में मेरा साथ दें।"
आडवाणी ने जसवंत सिंह के इस अनुरोध पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनको अपना सहकर्मी कहकर संबोधित किया और कहा, "अपने घोषणा पत्र में हमने पृथक गोरखालैंड राज्य का उल्लेख किया था। शाम को इस संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल मुझसे मुलाकात करेगा।"
सिंह ने सरकार से अनुरोध किया कि वह गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) के कार्यकर्ताओं से संगठन के नेताओं और केंद्र सरकार के बीच बातचीत होने तक भूख हड़ताल और बंद को समाप्त करने की अपील करे।
वामदलों ने हालांकि सिंह की बात का विरोध किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications