गिरफ्तार पांचों संदिग्धों को अमेरिका को सौंपेगा पाक
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार इन पांचों संदिग्धों को अमेरिका ले जाने के लिए संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) की पांच सदस्यीय टीम इस्लामाबाद पहुंच चुकी है। यह टीम पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों से संपर्क में है।
आतंरिक मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने स्थानीय मीडिया से कहा, "जांच पूरी होते ही पांचों संदिग्ध अमेरिका के हवाले कर दिए जाएंगे।"
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने बुधवार को पूर्वोत्तर शहर सरगोधा से पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों से उनके सहयोगियों और उनकी भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पांचों लोगों की गिरफ्तारी के मामले की जांच करवाने का वादा किया है। उन्होंने कहा है कि यह पता लगाया जाएगा कि पांचों लोग कैसे और क्यों अमेरिका से पाकिस्तान गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications