बिहार में सूखे की स्थिति में सुधार
पटना, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार में सूखे की स्थिति में सुधार हो रहा है। सरकारी योजनाओं के तहत लोगों को सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयास अभी तक जारी है और सरकार द्वारा सूखे को लेकर चलाए गए कार्यक्रमों का असर देखने को मिल रहा है।
उक्त तस्वीर राज्य के सूखाग्रस्त 26 जिलों के प्रभारी सचिवों की रिपोर्ट आने के बाद सामने आई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि वरिष्ठ अधिकारियों के सूखाग्रस्त जिलों के लगातार दौरों से कार्य को गति मिली। यही कारण है कि सरकार सूखे से प्रभावित जिलों के अलावा अन्य जिलों में भी योजनाओं की निगरानी कराने की योजना बना रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ब्यास जी ने शनिवार को बताया कि सरकार रबी की फसल पर लगातार नजर रखे हुए है तथा इस फसल को ठीक रखने के लिए लगातार प्रयत्न किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सूखे की स्थिति में सुधार हो रहा है और हालात सुधर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवंबर-दिसंबर के पूर्व प्रभारी सचिवों के जिला भ्रमण के बाद जो तस्वीर सामने आई है उसके अनुसार सभी पंचायतों में खाद्यान्न पहुंच रहा है तथा विकास योजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि किसानों को रबी की फसल के लिए अनुदान के तहत राशि दी जायेगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने संसाधनों से सूखे से निपटने में लगी है। विभाग भी एक सौ करोड़ की राशि खर्च कर रहा है। उल्लेखनीय है कि बारिश के कम होने से राज्य सरकार ने 26 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications