झारखंड में 50 प्रतिशत से अधिक मतदान (लीड-1)
राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक रिपोर्टो में 52 से 54 प्रतिशत मतदान की बात कही गई है। अधिकारियों ने कहा है कि मतदान के प्रतिशत में इजाफा हो सकता है।
झारखंड पुलिस के प्रवक्ता वी.एच.देशमुख ने आईएएनएस को बताया, "हम शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में सफल हुए हैं, जबकि अधिकांश सीटें नक्सल प्रभावित इलाकों में स्थित हैं। इन सीटों पर अच्छा मतदान हुआ है। हमने मतदान अधिकारियों और मतदाताओं, दोनों के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए थे।"
इन 14 सीटों में बहरागोरा, घटशिला, पोटका, इचागढ़, मझगांव, मनोहरपुर, तोरपा, सिसई, चक्रधरपुर, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा और लोहरदगा शामिल हैं।
इन 14 सीटों में से 12 सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।
दो मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचन आयोग सीधे वेब कैमरे के माध्यम से कर रहा था। ये दोनों मतदान केंद्र पोटका विधानसभा क्षेत्र में थे।
झारखण्ड के संयुक्त मुख्य निर्वाचन आयुक्त अशोक कुमार ने आईएएनएस को बताया, "अनुभव हासिल करने के लिए पहली बार ऐसी व्यवस्था की गई थी।"
इन मतदान केंद्रों की रांची स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय और नई दिल्ली स्थित मुख्यालय से एक साथ निगरानी की जा रही थी।
कुमार ने कहा कि 18 दिसम्बर को पांचवें चरण के मतदान के दौरान आयोग अधिक मतदान केंद्रों की लाइव निगरानी में सक्षम होगा।
पांचवें चरण में राज्य की 81 में से 14 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें अधिकांश नक्सलियों के प्रभाव वाले इलाके में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications