पाक की सहायता करता रहेगा अमेरिका : हिलेरी क्लिंटन
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार हिलेरी ने यह बयान अमेरिकी पाकिस्तानी फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में दिया। विदेश मंत्री ने कहा, "पाकिस्तान में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और आतंकवादी गुटों को पराजित करने के लिए उसकी सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से सहायता की जाएगी।"
कार्यक्रम में मौजूद लगभग 800 लोगों को संबोधित करते हुए हिलेरी ने कहा कि विश्व की शक्तिशाली लोकतांत्रिक संस्थाओं को पाकिस्तानी सरकार की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जनता की सहायता उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर करने की जरूरत है।
पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए हिलेरी ने कहा, "पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों में निर्दोष पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि वैसे पाकिस्तानी सेना तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ संघर्ष कर रही है।
विदेश मंत्री ने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ जंग में अमेरिका पाकिस्तान की सहायता कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य आतंकवादी गुट विदेशों में हमला करने के लिए पाकिस्तान में अपनी जमीन तैयार कर रहे हैं।
हिलेरी ने कहा कि पाकिस्तान में अलकायदा और अन्य आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अमेरिका सहायता जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान की संप्रभुता का सम्मान करता है।
कार्यक्रम में हिलेरी के अलावा पूर्व विदेश मंत्री जनरल कोलिन पावेल और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री मोइन कुरैशी भी उपस्थित थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications