नक्सलियों ने ली रेलगाड़ी में हमले की जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक यात्रियों की वेश-भूषा में शुक्रवार रात सात नक्सली '605 कटिहार-मालदा (अप)' रेलगाड़ी में घुस गए और उन्होंने मालदा जिले के साम्सी और मिलनगढ़ स्टेशनों के बीच रेलगाड़ी में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों पर हमला कर दिया।
पुलिस का कहना है कि चार संदिग्धों को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया है।
अतिरिक्त महानिदेशक (रेल) दिलीप मित्रा ने कहा कि जीआरपी के जवान अरुण भद्र ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उसके पेट में गोली मार दी। मालदा के जिला अस्पताल में भद्र की मौत हो गई। एक अन्य जवान संदीप सिंह के पैर में गोली लगी है।
जंजीर खींचकर रेलगाड़ी रोकने के बाद नक्सली 60 राउंड गोलियां और राइफलें लेकर फरार हो गए। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नारे लगाते हुए नक्सली मिलनगढ़ स्टेशन पर रेलगाड़ी से उतरे।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के पोलित ब्यूरो सदस्य कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी ने घटना की जिम्मेदारी ली है।
राज्य सरकार लंबे समय से कहती रही है कि पश्चिमी मिदनापुर, पुरूलिया और बांकुरा के तीन पश्चिमी जिलों में नक्सली सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications