कुख्यात अपराधी 'व्हिस्की' 6 दिनों की पुलिस हिरासत में (लीड-1)
चंडीगढ़, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब के खन्ना शहर से गिरफ्तार किए गए कुख्यात अपराधी देविंदर सिंह उर्फ 'व्हिस्की' को अदालत ने शनिवार को छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आतंकवादी संगठनों से भी उसके कथित संबंधों की बात सामने आई है।
चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को बताया कि खन्ना कस्बे से व्हिस्की को शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया गया। उसकी गतिविधियों पर दो सप्ताह से नजर रखी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार व्हिस्की ने पिछले महीने चण्डीगढ़ के व्यवसायी की उसके कार्यालय में घुसकर हत्या कर दी थी।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "पंजाब और चंडीगढ़ के विभिन्न पुलिस थानों में व्हिस्की के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण सहित कई अन्य मामले दर्ज हैं।"
पुलिस अधिकारी ने कहा, "पंजाब में आतंकवाद का समर्थन करने में व्हिस्की की बड़ी भूमिका रही थी। हमे संदेह है कि अन्य राज्यों के प्रतिबंधित संगठनों से उसके संबंध हो सकते हैं। वह एक कुख्यात अपराधी है और फर्जी तरीके से नाम बदलकर वह कई जगहों पर रह चुका है। उससे पूछताछ के बाद लंबित पड़े कई मामलों के हल होने की उम्मीद है।"
चंडीगढ़ पुलिस ने कुख्यात अपराधी व्हिस्की के संबंध में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।











Click it and Unblock the Notifications