हैदराबाद होगा तेलंगाना की राजधानी : राव
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने कहा है कि प्रस्तावित तेलंगाना राज्य की राजधानी हैदराबाद ही होगा।
एक समाचार चैनल से बातचीत में शनिवार को राव ने उन सुझावों को भी खारिज कर दिया कि हैदराबाद तेलंगाना और आंध्र प्रदेश की संयुक्त राजधानी हो सकता है।
राव ने कहा कि पृथक तेलंगाना राज्य बनने के बाद आंध्र के लोग भी हैदराबाद में रह सकते हैं। उन्होंने कहा, "जब भारत के दूसरे हिस्सों के लोग हैदराबाद में रह सकते हैं तो फिर आंध्र के क्यों नहीं रह सकते?"
पृथक राज्य की मांग को लेकर कई दिनों तक आमरण अनशन पर बैठने वाले टीआरएस प्रमुख ने आरोप लगाया कि तेलंगाना क्षेत्र में रोजगार अवसरों का आंध्र के लोग 'दोहन' कर रहे हैं।
राव ने कहा, "आखिरकार हमारे लोगों को रोजगार के लिए खाड़ी देशों में जाना पड़ता है। तेलंगाना की व्यथा यह है कि इस क्षेत्र के 35,000 लोग खाड़ी देशों की जेलों में बंद हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications