संसद पर वर्ष 2001 के हमले की बरसी रविवार को
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। संसद पर वर्ष 2001 में हुए हमले की बरसी पर रविवार को देश के नेता संसद भवन में एकत्र होंगे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच करीब-करीब युद्ध की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
लोकसभा सचिवालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "देश के शीर्ष नेता 13 दिसम्बर 2001 के हमले में शहीद हुए लोगों की याद में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।"
अधिकारी ने कहा कि इस अवसर पर रक्तदान शिविर भी आयोजित होगा। लोकसभा ने शुक्रवार को हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
भारी मात्रा में हथियारों से लैस पांच आतंकवादियों के संसद पर किए गए हमले में नौ लोग मारे गए थे। इन आतंकवादियों को पाकिस्तानी बताया गया था लेकिन पाकिस्तान ने इन्हें अपना नागरिक मानने से इंकार कर दिया था।
हमले में शहीद होने वालों में दिल्ली पुलिस के पांच जवान, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक महिला कांस्टेबल, संसद के दो सुरक्षा अधिकारी और एक माली शामिल था। एक पत्रकार भी हमले में घायल हुआ था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।
पांचों हमलावरों को गोली मार दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications