चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से दो और मौतें
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि स्वाइन फ्लू का शिकार बने लोगों में मोहाली शहर का शिशु हर्षित और हरियाणा के पंचकुला शहर की महिला कमलेश हैं।
दोनों इलाकों के अधिकारी एच1एन1 वायरस से संक्रमित महिला और शिशु के संपर्क में आए लोगों के स्वास्थ्य की 40 दिन तक निगरानी करेंगे।
कमलेश को शुरुआत में पंचकुला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें चण्डीगढ़ के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान स्नात्कोत्तर संस्थान में इलाज के लिए भेज दिया गया था।
अब तक चण्डीगढ़ के अस्पतालों में 210 लोगों में एच1एन1 वायरस की पुष्टि हो चुकी है और इनमें से 25 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
स्वास्थ्य अधिकारी तापमान में गिरावट के साथ वायरस का संक्रमण बढ़ने के प्रति सचेत हैं। पिछले एक सप्ताह में चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से 10 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और 25 नए मामले सामने आए हैं।
चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी जी. सी. बंसल का कहना है, "पारा गिरने के साथ लोगों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि भयग्रस्त होने की कोई आवश्यकता नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications