गलत वजहों से खबरों में हैं भारतीय मूल के 4 अमेरिकी (लीड-1)
वाशिंगटन, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में अक्सर भारतीय मूल के लोग सफलताओं को लेकर सुर्खियों में रहते हैं लेकिन इन दिनों भारतीय मूल के कम से कम चार अमेरिकी नागरिक यहां आपराधिक कृत्यों की वजह से खबरों में बने हुए हैं।
वर्ष 2008 में मैरीलैंड में एक बैंक में लूटपाट करने और एक कर्मचारी को गोली मारने के आरोप में 43 वर्षीय अनिरुद्ध लखन सुखु को यहां की एक अदालत ने 255 महीने कैद की सजा सुनाई है।
एक अन्य मामले में न्यायालय ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के एक पूर्व छात्र विक्रम बुद्धि को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश को धमकी भरा ई-मेल भेजने के लिए 57 महीनों की कैद की सजा दी है।
जिला न्यायाधीश जेम्स टी.मूडी ने शुक्रवार को बुद्धि (38 वर्ष) को सजा सुनाई। उसे वर्ष 2006 में गिरफ्तार किया गया था। उसे तत्कालीन राष्ट्रपति बुश, उपराष्ट्रपति डिक चेनी और उनकी पत्नियों तथा रक्षा मंत्री डोनाल्ड रम्सफेल्ड को धमकी देने का दोषी ठहराया गया।
बुद्धि को इमारतों को बम विस्फोट या आग लगाकर उड़ाने की धमकी देने का भी दोषी ठहराया गया। बुद्धि को एक जूरी ने जून 2007 में कुल 11 अभियोगों में दोषी ठहराया था। पर्डयू विश्वविद्यालय के पूर्व पीएचडी छात्र को तीन अतिरिक्त वर्ष एक अधिकारी के निरीक्षण के तहत भी बिताने होंगे।
दूसरी ओर अमेरिका के डेट्रॉयट में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं में धोखाधड़ी के मामले में भारतीय मूल के दो व्यक्ति भास्करन थंगरासन और संदीप अग्रवाल ने जुर्म स्वीकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications