जलवायु परिवर्तन पर राज्यों को विश्वास में लिया जाए : मोदी
गांधीनगर, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कहा कि कोपेनहेगन शिखर सम्मेलन में कार्बन उत्सर्जन में कटौती के लिए कोई एकतरफा घोषणा करने के पहले राज्यों से उनकी राय ली जानी चाहिए।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मोदी ने कहा है कि पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश द्वारा वर्ष 2020 तक कार्बन उत्सर्जन में 25 प्रतिशत तक की कटौती करने के लिए की गई घोषणा का ऊर्जा उत्पादन, कृषि, शहरी विकास और औद्योगिक क्षेत्रों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा और राज्यों के दीर्घकालिक विकास का लक्ष्य प्रभावित होगा।
पर्यावरण सुरक्षा के लिए कार्बन उत्सर्जन के स्तर में कमी लाने हेतु एक व्यापक नीति विकसित करने की वकालत करते हुए मोदी ने कहा कि लेकिन यह काम राज्यों को विश्वास में लिए बगैर पूरा नहीं किया जा सकता। मोदी ने कहा, "राज्यों को प्रत्यक्ष प्रभाव का सामना करना होगा और इससे देश का संपूर्ण विकास प्रभावित होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications