पूर्ण परमाणु नि:शस्त्रीकरण के लिए हस्ताक्षर अभियान
तिरुवनंतपुरम, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। पूर्ण परमाणु नि:शस्त्रीकरण के लिए शुक्रवार को यहां एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया। 'डिसमैंटल आल न्युक्लियर वीपन्स, सेव मैनकाइंड' (सभी परमाणु हथियारों को नष्ट करो, मानव को बचाओ) नामक इस अभियान की शुरुआत हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) के अध्यक्ष थांपन थामस के हाथों हुई। इस अभियान के तहत एक महीने के भीतर एक करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य है।
अभियान के शुरुआत के मौके पर थामस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने शांति का नोबेल पुरस्कार लेते समय जो वक्तव्य दिया, वह स्पष्ट रूप से इस बात का संकेत है कि अमेरिका हथियारों की होड़ और युद्ध से अलग नहीं होना चाहता।
थामस ने कहा, "ओबामा गांधी और मार्टिन लूथर किंग का भले ही उद्धरण दे रहे हैं, लेकिन वह विश्व शांति और अहिंसा का सही संदेश नहीं दे रहे हैंे। उनका यह दावा कि अमेरिकी वर्दीधारी पिछले 60 वर्षो से वैश्विक व्यवस्था के लिए जिम्मेदार रहे हैं, ढोग के अलावा और कुछ नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications