पाकिस्तान में गिरफ्तार अमेरिकी जिहाद छेड़ना चाहते थे : रिपोर्ट
वाशिंगटन, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में आतंकी हमलों की साजिश में लिप्त होने के संदेह में इसी हफ्ते गिरफ्तार किए गए पांचों अमेरिकी नागरिकों ने अफगानिस्तान जाने की योजना बनाई थी, क्योंकि उनका मानना है कि हर हाल में जिहाद छेड़ा जाना चाहिए। यह जानकारी समाचार चैनल सीएनएन ने पाकिस्तानी पुलिस की एक जांच रिपोर्ट के हवाले से दी है।
समाचार चैनल सीएनएन ने पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक के हवाले से शुक्रवार को एक रिपोर्ट में कहा है कि पाकिस्तानी पुलिस द्वारा बुधवार को देश के दक्षिणी हिस्से के सरगोधा कस्बे में एक मकान से गिरफ्तार किए गए पांचों अमेरिकियों को सुरक्षा कारणों से लाहौर ले जाया जाएगा।
पाकिस्तानी जांच रिपोर्ट में गिरफ्तार संदिग्धों के विवरण शामिल हैं और उसमें पुलिस द्वारा जब्त किए गए इंटरनेट साइट्स, लैपटाप, मोबाइल फोन, एक आईपॉड और एक बाहरी हार्ड ड्राइव के चित्र शामिल हैं।
रिपोर्ट में पांचों को कॉलेज का छात्र बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है, "धर्म में उनकी गहरी रुचि थी और वे इस तरह का विचार रखते थे कि बाहरी आक्रमणकारियों के खिलाफ हर हाल में जिहाद छेड़ा जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने दुनियाभर में मुसलमानों के खिलाफ जुर्म ढाए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications