मप्र में छिटपुट हिंसा के बीच शहरी निकाय के लिए मतदान हुआ
जबलपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना में विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं में मारपीट और पुलिस से छिटपुट झड़पों को छोड़कर मतदान शांतिपूर्वक हुआ। मुरैना में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में छह लोग घायल हुए हैं।
पहले चरण के मतदान को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह था और इसका अंदाजा मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लगी लंबी-लंबी कतारों को देखकर ही हो रहा था।
भोपाल के जिंसी, लक्ष्मी टाकीज और मंडी इलाके में मतदान के दौरान दो उम्मीदवारों के समर्थकों में विवाद हुआ। यहां स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। मुरैना में तो तीन स्थानों पर कार्यकर्ताओं में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पथराव हुआ और हवा में गोलीबारी तक हुई।
मुरैना के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने आईएएनएस को बताया है कि पथराव में कुछ लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। इसी तरह भिंड के गोहद इलाके से भी मारपीट की खबरें मिली हैं।
ग्वालियर में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उस पर मतदाताओं को नोट बांटने का आरोप है। जबलपुर से महापौर पद के भाजपा उम्मीदवार प्रभात साहू ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं कई स्थानों पर उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच टकराव हुआ। सभी जगह शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications