सोनिया ने किया गांवों का औचक निरीक्षण (लीड-1)
सोनिया ने शुक्रवार सुबह लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से उन्नाव जिले के रास्ते रायबरेली जिले की सीमा में प्रवेश किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने लखनऊ हवाई अड्डे से प्रस्तावित बछरावां के रास्ते रायबरेली न जाकर उन्नाव होकर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंची।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक सोनिया ने सबसे पहले चंद्रभन खेड़ा गांव जाकर वहां ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत हो रहे विकास कार्यो का जायजा लिया। यहां से वह प्रहलाद खेड़ा, बरौलिया गांव गईं और लोगों से जनसम्पर्क किया।
दोपाहर बाद वह लालगंज कस्बे में बाल कांग्रेस के दिवंगत सदस्य अभिषेक जायसवाल के घर जाकर उनके परिवार से मिलीं और शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। बीते महीने अभिषेक की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी।
यहां से वह डलमऊ क्षेत्र के ऊसरी, पाठकखेड़ा, धुन्नीपुर गांवों में जाकर ग्रामीणों से मिलीं और उनसे नरेगा के भुगतान की जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक जिन गांवों में उन्हें शिकायतें मिल रही थीं, उन्हें वह डायरी में नोट करवा रही थीं। शाम को सोनिया ऊंचाहार कस्बे में स्थित नेशनल थर्मल पावर कार्पोरेशन(एनटीपीसी) अतिथि गृह पहुंची, जहां आज रात वह विश्राम करेंगी।
जिस गांव में सोनिया गांधी का काफिला पहुंच रहा था, वहां से मीडिया को करीब एक किलोमीटर दूर रखा जा रहा था।
सोनिया शनिवार को जिला सतर्कता एवं अनुश्रवण सिमति की बैठक में हिस्सा लेकर जिले में जारी केंद्रीय योजनाओं का जायजा लेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार शाम को वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
इंडो-एशयिन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications