भारत ने बिम्सटेक की अध्यक्षता म्यांमार को सौंपी
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने म्यांमार की राजधानी में बिम्सटेक की अध्यक्षता म्यांमार के विदेश मंत्री यू. न्यान विन को सौंपते हुए कहा, "हम बिम्सटेक को कुछ खास हिस्सों में क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक एकता स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण जरिया मानते हैं।"
'बहु क्षेत्रीय, तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी की पहल' (बिम्सटेक) की 12वीं मंत्री स्तरीय बैठक में उन्होंने कहा, "हम बिम्सटेक को दक्षिण और दक्षिणपूर्व एशिया से हमारे देश के पूर्वोत्तर इलाके को जोड़ने वाले एक पुल के रूप में देखते हैं।"
भारत बिम्सटेक के सात राज्यों और अपने पूर्वोत्तर राज्यों के बीच अधिक से अधिक व्यापार और संपर्क बढ़ाना चाहता है।
बिम्सटेक में बंगाल की खाड़ी के चारों ओर बसे सात देश शामिल हैं। ये देश भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और थाईलैंड हैं। भारत ने पिछले साल बिम्सटेक के द्वितीय सम्मेलन की मेजबानी की थी।
बिम्सटेक क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ाने के भारत के संकल्प पर जोर देते हुए कृष्णा ने अधिक सहयोगात्मक प्रयासों के लिए अंतरा-क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, "हम बिम्सटेक को एक जीवंत संगठन के रूप में विकसित होते हुए देखना चाहते हैं। पिछले तीन वर्षों में हमारी अध्यक्षता में बिम्सटेक को इस लक्ष्य की ओर बढ़ाने का प्रयास किया गया है।"
बिम्सटेक ने आपसी सहयोग के 14 क्षेत्रों की पहचान की है। इनमें स्वास्थ्य, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, मानव संसाधनों का विकास, वाणिज्य, पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications