आंध्र प्रदेश में 128 विधायकों का इस्तीफा (लीड-2)
आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के 128 विधायकों ने विधानसभाध्यक्ष किरण कुमार रेड्डी को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफा सौंपने वालों में सत्तारूढ़ कांग्रेस के 76, विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के 38 और प्रजा राज्यम पार्टी (पीआरपी) के 14 विधायक शामिल है।
इस्तीफा सौंपने वाले विधायकों का आरोप है कि पृथक तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर केंद्र की सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने एकतरफा फैसला किया है।
294 सदस्यीय राज्य विधानसभा में आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के 175 विधायक हैं जबकि 119 सदस्य तेलंगाना क्षेत्र से आते हैं।
इससे पहले विधानसभाध्यक्ष रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि गुरुवार तक राज्य के 294 विधायकों में से 102 ने उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया था।
रेड्डी ने कहा, "मैंने विधायकों का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। मैं सभी से अलग-अलग मिलने के बाद ही कोई फैसला करूंगा। "
विधायकों के इस्तीफे की वजह से शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
शुक्रवार सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पृथक तेलंगाना का विरोध कर रहे विधायकों ने विधानसभाध्यक्ष के आसन के समक्ष पहुंचकर विधायी कामकाज में बाधा डाली, विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
शुक्रवार को 294 सदस्यों वाली विधानसभा में केवल 83 सदस्य ही उपस्थित हुए थे। सदस्यों की संख्या को देखते हुए विधानसभाध्यक्ष रेड्डी ने सभी दलों के नेताओं से सदन की कार्यवाही जारी रखने के संबंध में विचार पूछे थे।
मुख्यमंत्री के.रोसैया ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही जारी रहनी चाहिए ताकि मुद्दों पर बात हो सके और समाधान निकल सके। उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र की जनता और राजनीतिक दलों से संयम बरतने की अपील की।
इन दोनों क्षेत्रों से आने वाले मंत्री और कुछ बड़े नेताओं ने इस्तीफा नहीं दिया है। रायलसीमा क्षेत्र से विधायक टीडीपी अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू, प्रजा राज्यम पार्टी के प्रमुख के. चिरंजीवी जो आंध्र क्षेत्र के रहने वाले हैं और रायलसीमा के तिरुपति विधानसभा से विधायक हैं, ने इस्तीफा नहीं दिया है।
मुख्यमंत्री रोसैया का संबंध आंध्र क्षेत्र से है और वह विधान परिषद के सदस्य हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications