लोगों के हीरो बने केसीआर

उमर फ़ारूक़

बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद

अलग तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरु करने की केंद्र सरकार की घोषणा ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेता चंद्रशेखर राव यानी केसीआर को हीरो बना दिया है.

निज़ाम इंस्टिट्यूट के बाहर, जहाँ चंद्रशेखर राव को तबियत बिगड़ने के बाद भर्ती किया गया है, लोग नारे लगा रहे हैं, "ट्विंकल-ट्विंकल लिटिल स्टार, केसीआर इज़ सुपर स्टार".

चंद्रशेखर राव पिछले 11 दिनों से आमरण अनशन पर थे और केंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम की घोषणा के बाद उन्होंने अपना अनशन ख़त्म किया है.

निज़ाम इंस्टिट्यूट के बाहर हज़ारों लोग इकट्ठे हैं, जिनमें ज़्यादातर युवा हैं. वो लोग लगातार 'जय तेलंगाना' के नारे न सिर्फ़ ख़ुद लगा रहे हैं बल्कि हर किसी से गले मिलकर उसे भी नारे लगाने को बाध्य कर रहे हैं.

वो ज़ाहिर तौर पर ख़ुश हैं, कुछ इतने ख़ुश हैं कि नशा कर आए हैं.

तेलंगाना राज्य बनने की संभावना बनते ही राजधानी में गुरुवार को होने वाली रैली की वजह से जो तनाव था वह एकाएक ख़त्म हो गया है.

अपेक्षाएँ हैं बहुत

जगह-जगह पटाख़े छोड़ते और ख़ुशी मनाते लोगों से बात करें तो पता चलता है कि तेलंगाना राज्य से लोगों की अपेक्षाएँ बहुत हैं.

एक कार्यकर्ता ने कहा, "जिस तरह से भारत को आधी रात को आज़ादी मिली थी उसी तरह तेलंगाना के लोगों को आंध्र से आज़ादी मिलने की घोषणा हुई है."

किसी को लग रहा है कि अब आंध्र से अलग होंगे तो तेलंगाना के लोगों को उनका जायज़ हक़ मिलेगा, तो किसी को लग रहा है कि नदियों का पानी अब पर्याप्त मिलेगा.

किसी को नौकरी की आस है तो कोई आंध्र प्रदेश को भला-बुरा कहकर ही ख़ुश है.

लेकिन कई इलाक़ो में सन्नाटा भी पसरा हुआ है. हैदराबाद के कुकटपल्ली, एलबी नगर और सिकंदराबाद के उन इलाक़ों में ख़ामोशी है जहाँ तेलंगाना वासी कम रहते हैं और शेष आंध्र के लोग ज़्यादा रहते हैं.

उपवास टूटा

चिदंबरम की घोषणा के बाद चंद्रशेखर राव ने अपने गुरु प्रोफ़ेसर जयशंकर के हाथो अपना आमरण अनशन तोड़ा.

निज़ाम इंस्टिट्यूट में उनसे कम ही लोगों को मिलने दिया जा रहा है.

बीबीसी से उन्होंने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूँ लेकिन इस बात का दुख भी है कि इसके लिए बहुत से लोगों ने आत्महत्या की है."

उन्होंने कहा, "अभी मैं पाँच दिन और अस्पताल में रहूँगा फिर दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी से मिलकर उनको धन्यवाद दूँगा, क्योंकि तेलंगाना राज्य में उनका बड़ा योगदान है."

टीआरएस के नेता विजय रामाराव कहते हैं कि इस ख़बर से चंद्रशेखर राव की तबियत एकाएक ठीक हो गई दिखती है.

अभी तय नहीं है कि हैदराबाद किधर जाएगा. तेलंगाना में या फिर कांग्रेस नेताओं की मंशा पूरी होगी और हैदराबाद को चंडीगढ़ की तरह केंद्र शासित प्रदेश बना दिया जाएगा.

एक और नेता विनोद कुमार कहते हैं कि तेलंगाना की बात हो तो हैदराबाद तेलंगाना में ही आएगा.

लेकिन यह सब तय होना अभी शेष है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+