मीडिया में गजलों को कम प्रोत्साहन मिलता है: आसिफ मेहदी
नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गजल गायक आसिफ मेहदी कहते हैं कि युवा श्रोताओं के गजलों से दूर होने के लिए मीडिया जिम्मेदार है। अपने परिवार के भारत से गहरे ताल्लुक के प्रति सचेत मेहदी अब बॉलीवुड के लिए गाना चाहते हैं।
प्रख्यात गजल गायक मेहदी हसन के बेटे मेहदी ने एस साक्षात्कार में आईएएनएस से कहा, "मीडिया जोर-शोर से पॉप संगीत को प्रोत्साहित कर रही है और इसे वह कुछ ऐसे रूप में प्रस्तुत कर रही है कि युवा इसे सुनने के अलावा और कुछ महसूस ही न कर सकें।"
उन्होंने कहा, "यदि भारत और पाकिस्तान दोनों जगहों पर मीडिया अच्छे दृश्यों और प्रस्तुति के साथ गजलों को पॉप संगीत की ही तरह प्रोत्साहित करे तो युवा गजलों की ओर लौट सकते हैं।"
इन दिनों मेहदी भारत आए हुए हैं। वह जगजीत सिंह सहित कई अन्य गजल गायकों के साथ दिल्ली, लखनऊ, अमृतसर और हैदराबाद में 10-15 दिसम्बर के बीच अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने गुरुवार को फिक्की (एफआईसीसीआई) सभागार में जगजीत सिंह के साथ प्रस्तुति दी।
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और गजलों को प्रोत्साहित करने वाले मंच 'रूट्स 2 रूट्स' ने संयुक्त रूप से इन गजल कार्यक्रमों का आयोजन किया है।
मेहदी ने कहा, "मैं अपनी ओर से गजलों को उनके शुद्ध रूप में प्रोत्साहित करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं गजल समारोहों में युवा श्रोताओं की संख्या बढ़ाने के लिए पाकिस्तान और भारत में विभिन्न मंचों पर बात कर रहा हूं। 'रूट्स 2 रूट्स' के साथ मेरा सहयोग महत्वपूर्ण है क्योंकि इसने मेरे वालिद (पिता मेहदी हसन) और उनके प्रसिद्ध साथियों गुलाम अली, फरीदा खानम और इकबाल बानो जैसे गजल गायकों के अमर संगीत को प्रोत्साहित करने में मेरी मदद की है।"
अपने पिता जैसी ही आवाज के मालिक मेहदी अब बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने को तैयार हैं।
मेहदी कहते हैं कि उनके पास बॉलीवुड की कई फिल्मों में गाने के प्रस्ताव हैं। वह कहते हैं कि वह लंबे समय से हिंदी फिल्मों में गाना चाहते थे। उन्हें उम्मीद है कि वह जल्दी ही यह शुरुआत कर सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications