हाजियों के विमान में विलंब से परिजन हुए परेशान
इंदौर, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश से हज यात्रा पर गए हाजियों का पहला जत्था बुधवार रात लौटना था लेकिन विमान के 12 घंटे बाद भी न आने से परिजन पूरी रात परेशान रहे। कहा जा रहा है कि विमान तकनीकी खराबी की वजह से सऊदी अरब से ही उड़ान नहीं भर पाया था।
इंदौर हज कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि हाजियों के पहले जत्थे को लेकर विमान बुधवार रात नौ बजकर 40 मिनट पर देवी अहिल्या बाई हवाई अड्डे पर पहुंचना था। हाजियों के परिजन उनकी अगवानी के लिए विमानतल पर पहुंच गए थे, परंतु विमान गुरुवार सुबह तक नहीं आया।
रज्जाक का आरोप है कि हाजियों के परिजन हवाई अड्डे पर पूरी रात परेशान होते रहे परंतु उन्हें इस देरी की वजह बताने के लिए एयर इंडिया का कोई अधिकारी सामने नहीं आया। हाजियों के परिजनों ने इंदौर प्रवास पर आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी इस स्थिति से अवगत कराया। चौहान ने इस मुद्दे पर नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल से भी चर्चा की।
स्टेट हज कमेटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दाऊद अहमद खान ने आईएएनएस को बताया कि एयर इंडिया से उन्हें जानकारी मिली है कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण वह जेद्दा से उड़ान नहीं भर पाया और उसी वजह से विमान नहीं आ पाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications