कश्मीरी श्रोताओं पर चला जगजीत की आवाज का जादू
श्रीनगर, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आयोजित एक समारोह में प्रख्यात गजल गायक जगजीत सिंह की गायकी ने श्रोताओं को चार घंटे तक मंत्रमुग्ध रखा।
श्रोताओं से खचाखच भरा यहां के शेर-ए-कश्मीर कन्वेंशन कांप्लेक्स का सभागार जगजीत सिंह की जादुई आवाज और उर्दू गजलों से गूंज उठा। करीब 700 प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों ने इस आयोजन का लुत्फ उठाया।
जब जगजीत सिंह ने अपनी प्रसिद्ध गजल 'वो कागज की कश्ती, वो बारिश का पानी.' गाना प्रारंभ किया तो श्रोताओं के दिलो-दिमाग में कश्मीर की प्राचीन झीलें और वहां की यादें ताजा हो उठीं। इस गजल के रचनाकार अनूप श्रीवास्तव भी समारोह में उपस्थित थे।
जगजीत के एलबम 'मिर्जा गालिब' की गजल 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी..' ने श्रोताओं को आनंदविभोर कर दिया। गजल गायक ने समारोह में 12 गजलें पेश कीं। अंत में उन्होंने एक पंजाबी गजल प्रस्तुत की, श्रोताओं ने भी उनके साथ इस गजल को गुनगुनाया।
सभागार में जगजीत अपनी आवाज का जादू बिखेर रहे थे और बाहर बारिश और बर्फबारी का नजारा था। ऐसे माहौल में श्रोताओं ने इस समारोह का जमकर मजा लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications