आंध्र में रेड्डी की कंपनी के कार्यालयों पर सीबीआई छापे
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया, "हमने दो निजी कंपनियों, अज्ञात सरकारी अधिकारियों और अन्य के खिलाफ सीमा विवाद और अवैध खनन गतिविधियों से संबंधित एक मामले में जांच आरंभ की।"
अधिकारी ने बताया कि ओबुलपुरम माइनिंग कंपनी (रेड्डी के स्वामित्व वाली) और बेल्लारी ऑयरन ओर प्राइवेट लिमिटेड के बेल्लारी स्थित कार्यालयों की तलाशी ली जा रही है।
सर्वोच्च न्यायालय की केंद्रीय उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने अपनी रिपोर्ट में न्यायालय से आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम जिले के ओबलापुरम और एच.सिद्धपुरम गांवों में छह खानों में अवैध खनन रोकने की सिफारिश की थी।
इसके बाद सीबीआई ने दोनों निजी कंपनियों, अज्ञात सरकारी अधिकारियों और अन्य के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, चोरी, आपराधिक अनधिकार प्रवेश, बेईमानी से चोरी की संपत्ति हासिल करने का मुकदमा दर्ज किया।
इन पर भारतीय वन कानून, 1927 और खान एवं खनिज (विकास और विनियमन)कानून, 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत भी मामला दर्ज किया गया।
सीबीआई ने जांच के लिए सर्वे ऑफ इंडिया, खान ब्यूरो, पर्यावरण और वन मंत्रालय, केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला, सीमा शुल्क और राजस्व विभाग के अधिकारियों का एक संयुक्त दल बनाया है। इस दल में आंध्र प्रदेश के वन और अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications