बहुमत का समर्थन होने पर ही पेश होगा तेलंगाना प्रस्ताव : रोसैया
रोसैया ने सांसदों और विधायकों को इस मसले पर आक्रोशित न होने और इस्तीफे न देने की सलाह दी है क्योंकि प्रस्ताव पेश करने की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं की गई है।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया, "यदि जरूरी हुआ तो प्रस्ताव विधानसभा में पेश किया जाएगा। अगर ऐसी कोई नौबत आई तो भी प्रस्ताव बहुमत से ही पारित होगा।"
उन्होंने कहा, "चिदंबरम ने कहा है कि प्रस्ताव पेश किया जाएगा। इसका अर्थ यह नहीं है कि यह फौरन पेश कर दिया जाएगा, क्योंकि इसके लिए प्रक्रिया है और इस प्रक्रिया के कई चरण हैं। हमें अन्य क्षेत्रों की जनता से भी बात करनी होगी।"
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि राज्य का बंटवारा तत्काल हो जाएगा।" मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने आज शाम आंध्र और रायलसीमा क्षेत्रों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
रोसैया ने कहा कि वह इस मसले पर अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों से विचार-विमर्श करेंगे।
कांग्रेस के 45, तेलुगू देशम पार्टी के 17 और प्रजा राज्यम पार्टी के 11 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है या उसकी पेशकश की है। उनका कहना है कि वे तेलंगाना राज्य के मसले पर विधानसभा में पेश किए जाने वाले प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications