लड़ाकू विमान के बाद आईएनएस विराट की यात्रा करेंगी राष्ट्रपति
नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। लड़ाकू विमान में उड़ान भरने वाली भारत की पहली महिला का इतिहास रचने के बाद अब राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील 23 दिसम्बर को देश के एक मात्र विमान वाहक पोत आईएनएस विराट की सवारी करेंगी।
नौसेना के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "राष्ट्रपति हमारी सर्वोच्च कमांडर हैं और वह किसी भी समय हमारे युद्धपोतों में से किसी की यात्रा कर सकती हैं।"
उन्होंने पुष्टि की कि राष्ट्रपति 23 दिसम्बर को मुंबई में विमान वाहक पोत की यात्रा करेंगी।
प्रत्येक राष्ट्रपति अपने कार्यकाल के दौरान एक बार अवश्य बेड़े की समीक्षा करता है।
चौहत्तर वर्षीया राष्ट्रपति वायु सेना के सुखोई एसयू-30 जेट की उड़ान भरने वाली पहली महिला बन गई हैं। उन्होंने 25 नवंबर को पुणे के लोहेगांव एयर बेस से यह उड़ान भरी थी।
आईएनएस विराट का वजन 28,000 टन होता है। यह सेंटॉर श्रेणी का विमान वाहक पोत है। वास्तव में इसे 18 नवंबर 1959 को ब्रिटेन की शाही सेना में एचएमएस हर्मिस के रूप में शामिल किया गया था। भारतीय नौसेना ने 1987 में इसका अधिग्रहण किया था। इसने लगभग 28 वर्ष तक शाही सेना में सेवा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications