पाकिस्तानी मेजर के साथ हेडली के रिश्तों के सबूत : पिल्लई (लीड-1)
नई दिल्ली, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली के पाकिस्तान के एक सेवानिवृत्त मेजर से संबंधों के कुछ प्रमाण हैं। यह बात केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लई ने गुरुवार को कही।
हेडली पर मुंबई आतंकवादी हमलों के दौरान निशाना बनाए गए ठिकानों की टोह लेने का आरोप है।
पिल्लई ने यह भी कहा कि भारत हेडली से पूछताछ और उसके प्रत्यर्पण का इच्छुक है। हेडली पर अमेरीकी जांच एजेंसी एफबीआई ने मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इनमें छह अमेरिकियों सहित 174 लोग मारे गए थे।
पिल्लई ने यहां एक रक्षा समारोह के दौरान संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए)द्वारा पिछले साल के मुंबई आतंकी हमलों की जांच पूरी कर लेने के बाद हम हेडली से पूछताछ और उसके प्रत्यर्पण की मांग करेंगे।"एनआईए मुंबई आतंकी हमलों की साजिश में हेडली की भूमिका की जांच कर रही है।
हेडली और आतंकवादी संगठन अल कायदा के बीच संपर्क की भूमिका निभाने के आरोपी पाकिस्तानी मेजर अब्दुर रहमान हाशिम के बारे में पूछने पर अधिकारी ने कहा, "इस बारे में कुछ सबूत हैं। एफबीआई का एक दल पहले से पाकिस्तान में है।"
एफबीआई के आरोप पत्र में कहा गया है कि हाशिम ने हेडली गतिविधियों में समन्वयक की भूमिका निभाई थी।
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई की ओर से दाखिल आरोप पत्र में हैडली उर्फ दाऊद गिलानी पर मुंबई आतंकी हमलों का निशाना बने स्थानों की दो साल से भी ज्यादा अर्से तक टोह लेने का आरोप लगाया है। हेडली से खुद को बेगुनाह बताया है।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पिल्लई ने कहा, "जाहिर तौर पर हेडली जुर्म नहीं कबूलेगा। हमारे पास 26/11 के हमलों से उसका ताल्लुक होने के सबूत हैं।"
पिल्लई ने कहा कि भारत के दौरे पर आई एफबीआई की टीम ने हमले हेडली की भूमिका के सबूतों की जानकारी एनआईए को मुहैया कराई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications