'दिनाकरण' के दफ्तर में आगजनी के सभी आरोपी बरी
चेन्नई, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)। तमिल दैनिक दिनाकरण के दफ्तर में मई, 2007 में आगजनी की घटना के सभी 17 आरोपियों को बरी कर दिया गया है। गवाहों के मुकर जाने के कारण अदालत ने सभी अभियुक्तों को बरी कर दिया। इस कांड में अखबार के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई थी।
प्रधान जिला सत्र न्यायालय ने गवाहों के अपने बयान से पलट जाने के बाद इस कांड के सभी 17 अभियुक्तों को बरी कर दिया। ड्यूटी में लापरवाही के लिए आरोपित एक पुलिस अधिकारी को छोड़कर शेष सभी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि के पुत्र एम.के अजहागिरी के समर्थक थे।
हिंसा तब भड़की जब अखबार ने यह सर्वेक्षण प्रकाशित किया कि करुणानिधि के भांजे मुरासोली मारन के पुत्र दयानिधि मारन लोकप्रियता के मामले में अजहागिरी से आगे हैं।
सर्वेक्षण को लेकर अजहागिरी के समर्थक भड़क उठे और उन्होंने अखबार के दफ्तर में आग लगा दी। इसमें हमले में अखबार के कर्मचारी विनोथ, गोपी और मुथुपांडी की मौत हो गई थी। कई खबरिया चैनलों ने इस घटना को कैमरे में कैद किया था।
सत्र न्यायालय के इस फैसले को राज्य सरकार ऊपरी अदालत में चुनौती देगी या नहीं, इसका अभी संकेत नहीं मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications