हेडली मामले में एफबीआई निदेशक शिकागो पहुंचे (लीड-1)
वाशिंगटन, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई के आतंकी हमलों में आतंकवादियों को मदद करने के मामले में संदिग्ध पाकिस्तान मूल के अमेरिकी डेविड कोलमैन हेडली को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले की सुनवाई में अपना पक्ष रखने के लिए संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक राबर्ट मुलर शिकागो पहुंच गए हैं।
शिकागो सन टाइम्स ने खबर दी है कि मुलर बुधवार की सुबह शिकागो पहुंच गए।
पाकिस्तानी राजनयिक के पुत्र 49 वर्षीय हेडली को बुधवार को अमेरिकी जिला न्यायाधीश हैरी लिननेवेबर के समक्ष पेश किया जाएगा।
हेडली पर सोमवार को आरोप लगाया गया था कि उसने ही हमलावरों की मदद के लिए मुंबई के उन स्थानों की टोह ली थी जहां पिछले साल 26 नवंबर को निशाना बनाया गया। इन हमलों के लिए पाकिस्तान से गतिविधियां चलाने वाले आतंकवादी संगठन लश्कर-ए तैयबा को दोषी ठहराया जा रहा है।
हेडली को गत अक्टूबर में डेनमार्क में हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ ही उसके साथी और पाकिस्तानी मूल के एक अन्य संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर राणा को भी गिरफ्तार किया गया था। राणा को मुंबई हमले के मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है।
ये दोनों लश्कर-ए-तैयबा के साथ भी कथित तौर पर जुड़े हैं। मुंबई हमले में 174 लोग मारे गए थे।
हेडली के वकीलों जॉन थेस और रॉबर्ट सीडर ने अपने मुवक्किल पर लगे आरोपों पर कुछ भी कहने से इंकार किया है।
हवाई अड्डे पर पूछताछ से गिरफ्त में आया था हेडली :
भारत पर आतंकवादी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार पाकिस्तानी मूल के संदिग्ध आतंकवादी डेविड हेडली से यहां के एक हवाई अड्डे पर हुई पूछताछ उसकी गिरफ्तारी में सहायक साबित हुई थी।
अमेरिकी समाचार पत्र 'वाल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार हवाई अड्डे पर एक निरीक्षक ने हेडली से विदेश यात्रा के संबंध में पूछताछ की थी लेकिन वह सही जबाव नहीं दे सका था। इसके बाद ही जांच एजेंसी को उस पर शक हो गया था।
समाचार पत्र के अनुसार जब हेडली से पूछा गया तो उसने कहा कि वह 'फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विस' नामक कंपनी में काम करता है। इसी कंपनी पर हेडली को विदेश यात्रा की सुविधा मुहैया कराने का आरोप है।
जब हवाई अड्डे पर निरीक्षक ने हेडली के सामान की जांच की तो कंपनी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। समाचार पत्र के अनुसार बाद में हवाई अड्डे के अधिकारियों ने कर संबंधी रिकार्ड की भी जांच की लेकिन उसमें भी कंपनी से हेडली को होने वाली आय की जानकारी नहीं मिली।
समाचार पत्र ने अमेरिकी जांच अधिकारियों के हवाले से कहा कि हवाई अड्डे पर हेडली से हुई पूछताछ से जांच में काफी सहायता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications