जरदारी के पास 1.5 अरब डॉलर की संपत्ति
लंदन, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के मुख्य भ्रष्टाचार निरोधक संस्था के अनुसार राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के पास दुनिया भर में 1.5 अरब डॉलर की संपत्ति फैली हुई है।
एक समाचार पत्र में बुधवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार नेशनल एकाउंटबिलिटी ब्यूरो ने कहा है कि जरदारी की संपत्तियां उनके आय के स्रोतों से अधिक हैं। ये संपत्तियां अमेरिका, ब्रिटेन और स्पेन में फैली हुई हैं।
ब्रिटेन में स्थित उनकी संपत्ति में कथित रूप से दक्षिण पूर्व इंग्लैंड के र्से में 355 एकड़ के एक भूखंड पर स्थित आलीशान रॉकवुड हाउस शामिल है।
समाचार पत्र द टाइम्स ने जांचकर्ताओं के हवाले से कहा है कि जरदारी की ज्यादातर संपत्ति उस दौरान रिश्वत और दलाली की कमाई के जरिए खड़ी की गई है, जब उनकी पत्नी दिवंगत बेनजीर भुट्टो 1990 के दशक में दो बार प्रधानमंत्री रही थीं।
इस रिपोर्ट को सर्वोच्च न्यायालय को सौंप दिया गया है, क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय देश के राजनीतिक नेताओं के लिए प्रस्तावित माफी समझौते पर विचार कर रहा है, जिसकी व्यवस्था पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने बनाई थी और अब उसे समाप्त कर दी गई है।
जरदारी के खिलाफ रिश्वत और सत्ता के दुरुपयोग के छह मामलों को माफी समझौते के तहत समाप्त कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications