भारत से नेपाल पहुंचे हाथी ने 11 की जान ली
काठमांडू, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर भारत से नेपाल पहुंचे एक गुस्साए नर हाथी ने यहां आवास स्थान को लेकर मनुष्य और जानवरों के बीच हुए संघर्ष में 11 लोगों और दो जानवरों को मार डाला।
नेपाल के तराई इलाके के दो जिलों धनुषा और सिंधुली में इस घटना के बाद भय की स्थिति है। प्रशासन द्वारा गैर सरकारी संगठनों, स्थानीय रेडियो स्टेशनों की मदद से ग्रामीणों को जंगलों के निकट, जहां हाथी छुपा हुआ है वहां न जाने की चेतावनी दी जा रही है।
सिंधुली के वन अधिकारी यादव धीटल का कहना है, "हमारी हाथी को मारने की योजना नहीं है क्योंकि सीआईटीईएस (विलुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर आयोजित सम्मेलन) के तहत उसे संरक्षण प्राप्त है।"
ग्रामीणों ने हाथी को हत्यारा जानवर नाम दे दिया है। पिछले सप्ताह अकेले सिंधुली में हाथी ने तीन लोगों को मार डाला था। मरने वाले तीनों पुरुष थे।
धीटल ने आईएएनएस से कहा, "इनमें से एक मछुआरा था, जो मछलियां पकड़ने जा रहा था, दूसरा व्यक्ति अपनी भैंसों के झुंड के साथ था और हाथी को दूर भगाने की कोशिश कर रहा था। तीसरा एक किशोर था जो हाथी की पूजा करने की कोशिश कर रहा था।"
हाथी ने उदयपुर जिले में दो महिलाओं और एक सात साल की लड़की सहित चार लोगों को मार डाला था। जबकि धनुषा जिले में दो महिलाओं और एक बच्चे सहित दो लोगों को मार दिया था।
ऐसा माना जा रहा है कि यह हाथी भारत के असम के जंगलों से आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications