भारतीय गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी जीई
अरुण कुमार
शिकागो, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। बहुराष्ट्रीय अमेरिकी कंपनी जेनरल इलेक्ट्रिक की स्वास्थ्य कारोबार इकाई जीई हेल्थकेयर की भारतीय शाखा भारत में ग्रामीण इलाकों में सस्ती उत्कृष्ट इलाज सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी(पीपीपी) को प्रोमोट कर रही है।
जीई हेल्थकेयर की दक्षिण एशियाई शाखा के सीईओ एवं अध्यक्ष वी. राजा ने कहा, "भारत में बुनियादी स्वास्थ्य ढांचा विशाल है, पर इसका पर्याप्त उपयोग नहीं हो रहा है। ऐसे में हम समग्र स्वास्थ्य समाधान उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न राज्य सरकारों के साथ भागीदारी कायम कर रहे हैं।"
तीन स्तरों वाले पीपीपी माडल के तहत राज्य सरकारें जहां जगह उपलब्ध कराती हैं, वहीं जीई उपकरण मुहैया कराती है एवं तीसरा निजी भागीदार स्वास्थ्य कें द्रों को संचालित करता है। उन्होंने यहां हाल ही संपन्न रेडियोलॉजिकल सोसायटी ऑफ नॉर्थ अमेरिका(आरएसएनए) के सालाना कार्यक्रम में यह कहा।
इस माडल के तहत गुजरात के पांच मेडिकल कालेजों एवं अस्पतालों में पांच डायगनॉस्टिक इमेजिंग सेंटर स्थापिात किए गए हैं, वहीं मध्य प्रदेश के जबलपुर में ऐसे ही एक सेंटर से हजारों लोग अत्याधुनिक तकनीकी से लाभान्वित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भी एक ऐसी परियोजना पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा, "हम पांच या छह और राज्यों के साथ मिलकर ऐसी परियोजना के लिए काम शुरू करने की प्रक्रिया में हैं। हम जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी ऐसी पहल करने की योजना बना रहे हैं।"
लीक से थोड़ा हटकर एक ऐसी पीपीपी परियोजना हाल ही में तमिलनाडु के बनावरम में लांच की गई। यहां के प्राथमिक स्थास्थ्य केंद्र में बेहद उपयोगी उपकरणों एवं तकनीकी की उपलब्धता एवं इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाया।
जीई हेल्थकेयर एवं इसके एशियाई अमेरिकी कर्मचारियों के एक समूह ने अपनी संयुक्त 'हेल्दीमैजिनेशन' पहल के तहत ऐसी सेवाएं उपलब्ध कराईं। राजा ने कहा कि कई राज्यों में ऐसी गतिविधियां चलाई जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications